केरल हाईकोर्ट ने मंगलवार को 2017 के अभिनेत्री यौन उत्पीड़न मामले से जुड़ी एक याचिका खारिज कर दी। यह याचिका अभियोजन पक्ष की टीम में शामिल एक वकील ने दायर की थी, जिसमें मामले की सुनवाई कर रही जज के खिलाफ अदालत की अवमानना की कार्रवाई का आग्रह किया गया था। जस्टिस पीवी कुन्हीकृष्णन ने वकील टीबी मिनी की याचिका खारिज की। मिनी ने जज हनी एम वर्गीज की कथित टिप्पणियों को अदालत के दस्तावेजों से हटाने का अनुरोध भी किया था। वकील ने आरोप लगाया था कि सुनवाई के दौरान जज ने उनके व्यवहार को लेकर अपमानजनक टिप्पणियां की थीं।
हाईकोर्ट ने कहा कि ऐसा कोई सबूत नहीं है, जिससे साबित हो कि जज ने वकील के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी की थी। अदालत ने कहा कि वकील के आरोप सुनी-सुनाई बातों और मीडिया की रिपोर्ट्स पर आधारित हैं। जस्टिस कुन्हीकृष्णन ने कहा कि यह अदालत किसी न्यायिक अधिकारी के खिलाफ याचिकाकर्ता की सुनी-सुनाई बातों के आधार पर अवमानना की कार्रवाई शुरू नहीं कर सकती। याचिकाकर्ता का दावा है कि न्यायिक अधिकारी ने खुली अदालत में कोई बयान दिया था, लेकिन वह बयान आधिकारिक दस्तावेज में दर्ज नहीं है।
हाईकोर्ट ने कहा कि जज अपने फैसलों के जरिये बोलते हैं और अदालत में जज और वकील के बीच बातचीत कभी-कभी जरूरी होती है। अदालत ने कहा कि मीडिया के लिए ऐसी बातचीत को खबर बनाना सही नहीं है, क्योंकि इससे वकीलों और जजों को गंभीर नुकसान हो सकता है। अदालत ने कहा कि सुनवाई के दौरान जज की कुछ टिप्पणियां उसी समय और परिस्थिति में की जा सकती हैं, लेकिन उन्हें सार्वजनिक करने से संबंधित व्यक्ति को शर्मिंदगी उठानी पड़ सकती है। अदालत ने कहा कि वकील सम्मान और उचित व्यवहार के हकदार हैं।
हाईकोर्ट ने पत्रकारों से कहा कि वे अपने अनुभव के आधार पर समझदारी दिखाएं और तय करें कि किस बात को नजरअंदाज करना है और किसे प्रमुखता देनी है। अदालत ने वकीलों को भी सलाह दी कि वे सोशल मीडिया की प्रतिक्रियाओं से प्रभावित न हों और पूरी बात जाने बिना जजों को अवमानना का दोषी ठहराने की जल्दबाजी न करें। अदालत ने कहा कि वकीलों और मीडिया की प्रतिक्रिया पेशेवर एकजुटता, संयम और आपसी सम्मान पर आधारित होनी चाहिए।
गौरतलब है कि सत्र न्यायालय ने पिछले साल 12 दिसंबर को छह लोगों को सामूहिक दुष्कर्म के मामले में 20 साल की जेल की सजा सुनाई थी, जबकि अभिनेता दिलीप और तीन अन्य आरोपियों को बरी कर दिया गया था। यह मामला 17 फरवरी 2017 का है, जब एक बहुभाषी अभिनेत्री त्रिशूर से कोच्चि जा रही थीं और रास्ते में चलती गाड़ी के अंदर उनका अपहरण कर उनका यौन उत्पीड़न किया गया था।
