हैदराबाद के टॉलीचौकी पुलिस स्टेशन में तैनात इंस्पेक्टर रमेश नायक को एसीबी ने 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ लिया। डीएसपी मजीद अली खान के मुताबिक, होटल चलाने की अनुमति देने के बदले हर महीने 50 हजार रुपये देने का समझौता हुआ था। पहले महीने 40 हजार रुपये तय किए गए थे। 31 अक्टूबर को 20 हजार रुपये एडवांस लिए गए थे और 18 नवंबर को बाकी 20 हजार लेते समय गिरफ्तारी हुई। तलाशी में चार लिफाफों से कुल 1.85 लाख रुपये भी मिले, जिनके बारे में जांच जारी है।
कोलकाता मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के जूनियर डॉक्टरों ने बुधवार को आठ इंटर्न को जारी कारण बताओ नोटिस वापस लेने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने कई घंटों तक प्रिंसिपल का घेराव किया। अधिकारियों के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों की एबीवीपी के कथित समर्थकों से झड़प भी हुई।
डॉक्टरों को चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल हादसे के घायलों को निजी अस्पताल भेजने के सरकारी फैसले की आलोचना करने पर नोटिस दिया गया था। हादसे में 19 लोगों की मौत हुई थी और 25 घायल हुए थे।