संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर को भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस देशभर में अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित करेंगी। भाजपा संविधान गौरव दिवस के तहत कार्यक्रम कर रही है, जबकि कांग्रेस संविधान रक्षा मार्च निकालेगी।
भाजपा की ओर से अहमदाबाद, नई दिल्ली और पटना में कार्यक्रम होंगे, जिनमें संविधान के महत्व और इसके प्रमुख शिल्पकार डॉ. भीमराव आंबेडकर के योगदान को याद किया जाएगा। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह दोपहर 3:30 बजे नई दिल्ली स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविक सेंटर में कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन दोपहर तीन बजे पटना के गांधी मैदान स्थित ज्ञान भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करेंगे।
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा अहमदाबाद में दो कार्यक्रमों में शामिल होंगे। वह दोपहर 3:55 बजे सारंगपुर में डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे और इसके बाद शाम 4:30 बजे पालडी स्थित टैगोर हॉल में जनसभा को संबोधित करेंगे।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे 26 नवंबर को दोपहर 12:40 बजे लखनऊ पहुंचेंगे। यहां वह आंबेडकर महासभा में डॉ. भीमराव आंबेडकर के अस्थि कलश पर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद दोपहर एक बजे उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे और कार्यक्रम के बाद संविधान रक्षा मार्च में हिस्सा लेंगे।
देश में हर साल 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है। इसी दिन 1949 में संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अपनाया था, जबकि संविधान 26 जनवरी 1950 को लागू हुआ था।